समय पर काम नहीं करने वाले अधिकारियों को मुख्यमंत्री का सख्त निर्देश कहा…..
मुख्यमंत्री खतियान जोहार यात्रा के दौरान मंगलवार को लोहरदगा में सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हम भाईचारे की राजनीति करते हैं और विरोधी जातिवाद की।
इससे पहले अधिकारियों की बैठक में सीएम ने निर्देश दिया है कि काम में ढिलाई बिल्कुल नहीं चलेगी। पदाधिकारी तय समय सीमा के अंदर काम करें अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
बाद में आयोजित सभा में सीएम ने दावा किया कि 20 सालों में पहली बार सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के जरिए अधिकारी गांवों में पहुंचे हैं। जनता की समस्याओं का समाधान किया है।
हम राज्य के हर नागरिक के चेहरे पर मुस्कान लाना चाहते हैं। विधवा, बुजुर्ग और एकल महिला को पेंशन मिले इसके लिए कानून बनाया गया है। जो इन्हें पेंशन से वंचित रखेंगे वे हवालात में जाएंगे।
उन्होंने कहा कि अब पिछड़े, गरीब और आदिवासियों को विदेशों में पढ़ने के अलावा प्रशासनिक सेवा, इंजीनियरिंग और डॉक्टरी के लिए न केवल कोचिंग दी जा रही है, बल्कि उनके आवास और खाने-पीने की व्यवस्था भी की जा रही है। अब आदिवासियों को इच्छाशक्ति से मेहनत के साथ पढ़ना होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में अधिकारी भी खुश नहीं थे। हम जब कानून बनाते हैं तो हमारा स्वागत रंग गुलाल के साथ होता है और वह जब कानून बनाते थे तो लोग एक दूसरे के खून के प्यासे हो जाते थे। उन्होंने कहा कि इनलोगों ने लूट मचा रखा था। इसलिए जनता ने उन्हें धक्का देकर सत्ता से भगा दिया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पास माइनिंग का रॉयल्टी बाकी है। जब हम उस की मांग की किए तो हमारे पीछे केंद्रीय एजेंसियों को लगा दिया गया। हम किसानों, मजदूरों, महिलाओं, मेहनतकशों के लिए योजनाएं बना रहे हैं।