
सहियाकर्मियों के लिए खुशखबरी : सहियाकर्मियों द्वारा मानदेय बढोतरी को लेकर लगातार आंदोलन किया जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता शनिवार को मोरहाबादी मैदान पहुंच कर आन्दोलनरत सहियाकर्मियों से मिले तथा उनकी समस्याओं से अवगत हुए।
मंत्री ने दिया आश्वासन
मंत्री ने सहिया एवं सहिया साथी को आशवस्त करते हुए कहा कि सहिया कर्मी राज्य की स्वास्थ्य सेवा की रीढ़ हैं। कोविड काल में इनका सराहनीय योगदान रहा है। इसके बगैर स्वस्थ झारखंड की कल्पना नहीं जा सकती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहिया और सहिया साथियों की प्रतिमाह देय राशी में बढ़ोतरी करेगी। उसके बाद सब का अभिवादन स्वीकार करते हुए सहिया कर्मियों को उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया।
भाकपा माले के विधायक विनोद सिंह ने कहा कि इतने कम पैसे में सहिया कर्मियों काम कराया जाना पूरी तरह से ही अमानवीय है। सहिया संघ के संरक्षक विधायक अरूप चटर्जी ने भी अपना विचार रखे।
झारखंड प्रदेश स्वास्थ्य सहिया संघ की सचिव माया सिंह ने भी अपनी बातें कही। तीन दिनों से चल रहे सहिया कर्मियों के आन्दोलन को लक्ष्मी देवी, रितु उरांव, नीलम देवी, रेखा भट्ट, ललिता देवी, ममता देवी,सुनीता देवी,एक्टू के प्रदेश महासचिव भुवनेश्वर केवट सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।
