
रांची: झारखंड के तीन स्कूलों को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा आज शनिवार को स्वच्छ विद्यालय राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। बता दें कि दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को यह पुरस्कार प्रदान किया।
केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने सोनाहातू तथा पूर्वी सिंहभूम के टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल, कदमा, झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, नोवामुंडी, रांची के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय को राष्ट्रीय स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार से सम्मानित किया है।
देश के कुल 39 विद्यालयों को मिला यह पुरस्कार
बता दें कि इन सभी स्कूलों को ओवरआल श्रेणी में पुरस्कार प्रदान किया गया है। बताया गया कि देशभर के कुल 39 स्कूलों को इस स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार दिया गया है, जिनमें झारखंड के तीन विद्यालय शामिल हैं।
साथ ही प्रत्येक स्कूलों को पुरस्कार के रुप में 60 हजार रुपये प्राप्त हुए हैं। बता दें कि इस पुरस्कार के लिए राज्य सरकार ने झारखंड के 26 स्कूलों की अनुशंसा भेजी थी, जिनमें तीन स्कूलों का चयन किया गया।
गुजरात और पुडुचेरी के बाद तीसरे स्थान पर रहा झारखंड
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित स्वच्छ विद्यालय राष्ट्रीय पुरस्कार में सबसे अधिक स्कूलों को पुरस्कार मिलने के मामले में गुजरात और पुडुचेरी के बाद झारखंड तीसरे स्थान पर रहा।