
रांची: झारखंड में पहले वेटरनरी विश्वविद्यालय की स्थापना राज्य सरकार जल्द ही करने जा रही है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य के कृषि एवं पशुपालन मंत्री बादल पत्रलेख ने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में ही यह योजना धरातल पर उतर जाएगी। उन्होंने बताया कि वेटरनरी विवि की स्थापना के लिए कृषि एवं पशुपालन विभाग ने सारी आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली है।
उन्होंने बताया कि इस नए वेटरनरी विश्वविद्यालय का मुख्यालय रांची में ही स्थापित किया जाएगा। बता दें कि राज्य में अभी रांची वेटरनरी कॉलेज, फिशरीज कॉलेज गुमला और डेयरी संस्थान रांची के बिरसा कृषि विश्वविद्यालय से अंगीभूत हैं। वहीं कृषि, पशुपालन विभाग की पहल है कि राज्य में अलग से वेटरनरी विश्वविद्यालय स्थापित किया जाए, जहां से इन संस्थानों को जोड़ा जाए। इन संस्थानों के जुड़ने से राज्य में पशुपालन एवं मत्स्यपालन के क्षेत्र में बेहतरीन शिक्षण और अनुसंधान उपलब्ध हो सकेंगे।